logo

CM सम्राट के हाजीपुर दौरे में बारिश बनी चुनौती, तिरपाल से ढका गया हेलीपैड

CM34.jpg


CM Samrat Hajipur Visit: 
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शनिवार को प्रस्तावित हाजीपुर दौरा लगातार हो रही बारिश के कारण चर्चा में है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री हाजीपुर में पेपरलेस जमीन रजिस्ट्री प्रणाली का शुभारंभ करने वाले हैं।

बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट
शनिवार सुबह से ही हाजीपुर और आसपास के इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग की एडवाइजरी के बाद जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है, ताकि खराब मौसम के बावजूद आयोजन प्रभावित न हो। इधर अक्षयवट राय स्टेडियम में बनाए गए हेलीपैड को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल से ढक दिया गया है। कार्यक्रम स्थल के आसपास जमा पानी की निकासी के लिए जिला प्रशासन और नगर परिषद की टीमें लगातार काम कर रही हैं। वहीं कीचड़ वाले स्थानों पर सूखी मिट्टी डाली जा रही है, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हेलीकॉप्टर से आगमन पर संशय
खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से हाजीपुर पहुंचने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हवाई और सड़क मार्ग, दोनों विकल्प तैयार रखे हैं। माना जा रहा है कि यदि मौसम में सुधार नहीं होता है तो मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पर पहुंच सकते हैं। फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है।
 

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गांधी चौक से राजेंद्र चौक तक के मार्ग को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। वहीं रामाशीष चौक से गांधी चौक तक तीनपहिया और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इस दौरान वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौसम की चुनौती के बावजूद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

Tags - CM Samrat Hajipur VisitBihar Weather Alertपेपरलेस जमीन रजिस्ट्री