द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच एनडीए के भीतर से ही एक नई मांग सामने आई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाई है। पटना में बीजेपी कार्यालय के बाहर इस मांग को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं, जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पोस्टर में लिखा है- “ना दंगा हो, ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो।” इसके साथ ही लिखा गया है कि “सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आएगा बिहार में स्वर्ण काल।”

पोस्टर के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि अगर बिहार में एनडीए की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री का चेहरा चिराग पासवान होना चाहिए। इसमें यह भी लिखा गया है कि “मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।” पोस्टर में आगे लिखा गया है कि “बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का। एनडीए की होगी सरकार, CM होगा सिर्फ चिराग।” बताया जा रहा है कि ये पोस्टर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पटना जिला अध्यक्ष इमाम गजाली की ओर से लगवाए गए हैं। पोस्टर लगने के बाद बिहार की राजनीति में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या एनडीए में भविष्य में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में आगे बढ़ाया जा सकता है।