औरंगाबाद/बिहार
औरंगाबाद में गुरुवार सुबह एक बच्चे की बिजली के तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, बच्चा खेलत-खेलते खेत में पहुंचा जहां पहले से ही एलटी बिजली के तार टूट कर गिरा हुआ था। घटना सुही गांव का है।

बांस के सहारे करंट से अलग किया बच्चे को
मृतक बच्चे की पहचान गुप्ता पासवान का पुत्र पीयूष कुमार के रुप में हुई है, जो 10 साल का था। सूत्रों के मुताबिक, बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह पास के खेत में खेलते-खेलते पहुंच गया और वहां गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रुप से झुलस गया। इधर, सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, उसे बांस के सहारे किसी तरह करंट से अलग किया।

ग्रामिणों ने बिजली विभाग को ठहराया जिम्मेदार
आनन-फानन में पीयूष को रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पीयूष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना से परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, ग्रामिणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि इलाके में कई जगह टूटे तार लंबे समय से लटके हुए हैं, लेकिन विभाग द्वारा इसको ठीक नहीं कराया जाता। साथ ही लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से गुहार लगाया है कि जल्द ही क्षेत्र में लटके और टूटे तारों का मरम्मत की जाए।