logo

शिक्षा मंत्री को घेरने का मामला पहुंचा थाने, 50 से अधिक छात्रों पर दर्ज हुआ मुकदमा

FIRE19.jpg

पटना 
बिहार विधानसभा सत्र के दौरान TRE-3 के अभ्यर्थियों का गुस्सा फिर उफान पर दिखा। बीते दिनों विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने अचानक शिक्षा मंत्री सुनील सिंह को घेर लिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अभ्यर्थियों ने सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी करने की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। हालात बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मंत्री को घेरकर सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान मंत्री को दौड़ते हुए भी देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अब इस पूरे मामले में पटना के सचिवालय थाना में 50 से अधिक अज्ञात छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।


सचिवालय थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में शामिल प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
TRE-3 के अभ्यर्थी पिछले दो महीने से गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जो चयनित अभ्यर्थी जॉइनिंग नहीं लेंगे, उनकी खाली सीटों के लिए सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी किया जाए। अभ्यर्थियों के अनुसार, करीब 10,000 से 15,000 ऐसे चयनित शिक्षक हैं जिनका नाम एक से अधिक स्थानों पर आया है, लेकिन वे केवल एक जगह ही जॉइन करेंगे। ऐसे में बाकी सीटें खाली रह जाएंगी।


शिक्षा मंत्री सुनील सिंह ने कहा कि वे बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को पत्र लिखकर इस मामले की जांच का अनुरोध करेंगे। सरकार आयोग के निर्णय को पूरी तरह स्वीकार करेगी। अब पटना पुलिस इस प्रदर्शन में शामिल छात्रों की पहचान कर रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि इस तरह की घटनाएं दोबारा हुईं, तो और सख्त कार्रवाई होगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि सरकार अभ्यर्थियों की मांग मानती है या आंदोलन और लंबा खिंचता है।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi