पटना/बिहार
बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट शनिवार को जारी किया गया। करीब 18 महीने के लंबे इंतजार के बाद आयोग ने रिजल्ट प्रकाशित किया। 593 अंकों के साथ श्रद्धा पांडेय ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं सारण के शशांक गौरव और पटना के आयुष विजय दोनों ने ही 592 अंक प्राप्त किए, लेकिन निबंध में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर शशांक को दूसरा और आयुष को तीसरा स्थान मिला।

बेटियों का शानदार प्रदर्शन
कुल 2035 पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी, जिसमें 2027 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि योग्य दिव्यांग अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण आठ पद रिक्त रह गए। आयोग द्वारा जारी परिणाम में बेटियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। टॉप-100 में 45 महिलाओं ने अपनी जगह बनाई, जबकि कुल चयनित अभ्यर्थियों में करीब 745 महिलाएं शामिल हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद BPSC अध्यक्ष ने परीक्षा को लेकर लगाए गए आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि जांच में सभी दावे गलत साबित हुए।
.jpeg)
मुख्यमंत्री सम्राट ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई
परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई पीढ़ी के अधिकारी बिहार के विकास को नई दिशा देंगे। वहीं दूसरे स्थान पर रहे शशांक गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित रिवीजन, टेस्ट सीरीज और रोजाना 7 से 8 घंटे की पढ़ाई को दिया। तीसरे स्थान पर रहे आयुष विजय ने सेल्फ स्टडी, पुराने प्रश्नपत्रों के अभ्यास और परिवार के सहयोग को अपनी सफलता का आधार बताया।