बाढ़/पटना
पटना में बाढ़ के उमानाथ गंगा घाट पर नदी में नाव पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नाव में 14 से 15 लोग सवार थे, जिसमें से 2 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं 5 लोगों की अभी भी तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तुरंत प्रशासन और SDRF की टीम पहुंची और बचाव कार्य शुरु कर दिया।

क्षमता से अधिक लोग थे सवार
जानकारी के मुताबिक, नाव पर क्षमता से अधिक 14-15 लोग बैठे हुए थे। सभी सब्जी तोड़ने के लिए दियारा इलाके में जा रहे थे, इसी दौरान अचानक तेज हवा चली और नाव असंतुलित होकर नदी में पलट गई और सभी लोग डूबने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 5 लोगों की अभी भी तलाश जारी है। कहा जा रहा है कि 2 लोगों की डूबने से मौत हो गई।

प्रतिदिन सब्जियों की ढुलाई
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ के थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, सीडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया, अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह और SDRF की टीम मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरु किया। पूछताछ में मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह घाट जिले के सबसे व्यस्ततम घाटों में से एक है। यहां से प्रतिदिन लगभग 20 नावें दियारा इलाके के लिए रवाना होती हैं। नावों पर सवार होकर हर दिन बड़ी संख्या में लोग सब्जियों की ढुलाई करते हैं और अपना जीवन-यापन करते हैं। उनका कहना है कि एक नाव पर लगभग 10 लोगों के बैठने की क्षमता होती है, लेकिन 20 तक लोग सवार हो जाते हैं। इसी कारण यह दुर्घटना हुई है।