पटना:
बिहार में हत्या के आरोप में जेल में बंद एक युवक ने आईआईटी (जैम)-2022 की परीक्षा पास कर ली। युवक ने ना केवल परीक्षा पास की बल्कि पूरे देश में 54वां रैंक हासिल किया। इस युवक का नाम सूरज है। सूरज बिहार के नवादा जिला स्थित वारिसलीगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत मोसमा गांव का रहने वाला है। सूरज पर गांव के ही संजय यादव की हत्या का आरोप है।

नवादा का रहने वाला है युवक
मिली जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2020 में मोमसा गांव में 45 वर्षीय संजय यादव की पिटाई से मौत हो गई थी। संजय के पिता ने सूरज सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया। केस दर्ज कराया। प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद से ही सूरज जेल में बंद है। यहीं से सूरज ने आईआईटी (जैम)-2022 की परीक्षा दी और इतिहास रच दिया।
इसी परीक्षा की तैयारी करता था
कहा जाता है कि जेल जाने से पहले से ही सूरज इस परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बीते 13 फरवरी को परीक्षा देने के लिए सूरज को पैरोल मिली थी। कहते हैं कि जेल अधीक्षक ने इस सफलता में सूरज की खूब मदद की। उसे स्टडी मैटेरियल उपलब्ध कराया। जब हत्या के आरोप में सूरज को जेल जाना पड़ा तो उसका आत्मविश्वास हिल गया था। जेल अधीक्षक ने उसे मोटिवेट किया। सूरज के भाई ने भी उसकी खूब मदद की।

आईआईटी रुड़की में ले सकेगा एडमिशन
गौरतलब है कि आईआईटी हर साल ज्वॉइंट इंडियन टेस्ट फॉर मास्टर्स परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस टेस्ट के जरिये आईआईटी में 2 साल के लिए एमएससी या एमटेक कोर्स में दाखिला मिलता है। बता दें कि सूरज को अब आईआईटी रुड़की में एडमिशन लेकर मास्टर्स का कोर्स कर सकेगा। सूरज की सफलता से उसके अभिभावक काफी खुश हैं।