logo

बिहार में आज से खुलेगा शिक्षक ट्रांसफर पोर्टल, 5 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

transfer11.jpg

Bihar Teacher Transfer Posting: 
बिहार में नई शिक्षक स्थानांतरण नीति के तहत आज से ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया जाएगा। 29 जुलाई से 5 अगस्त तक सभी इच्छुक शिक्षक आवेदन कर सकेंगे। 3 फेज में शिक्षकों का ट्रांसफर किया जाना है। शिक्षा विभाग ने TRE-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों को खास राहत दी गई है। 

 

तीन चरणों में पूरी होगी ट्रांसफर प्रक्रिया
शिक्षा विभाग के अनुसार स्थानांतरण प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में समायोजन (रैशनलाइजेशन) और छात्र-शिक्षक अनुपात के आधार पर समानुपातीकरण किया जाएगा। इसके बाद पारस्परिक (म्यूचुअल) ट्रांसफर और अंत में सामान्य ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी होगी। 7 से 9 सितंबर के बीच जिला और प्रमंडल स्तर की स्थापना समितियां समायोजन और समानुपातीकरण की सूची जारी करेंगी और आपत्तियों का निपटारा करेंगी। इसके बाद 10 से 14 सितंबर तक म्यूचुअल ट्रांसफर की प्रक्रिया चलेगी। संशोधित रिक्तियों की सूची जारी होने के बाद 17 से 23 सितंबर तक सामान्य ट्रांसफर के लिए विद्यालयों का विकल्प लिया जाएगा। वहीं, 24 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच सामान्य स्थानांतरण की अंतिम सूची जारी कर पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

TRE-3 शिक्षकों को मिली बड़ी राहत
शिक्षा विभाग ने नियमों में संशोधन करते हुए TRE-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और प्रधान शिक्षकों को प्रोबेशन अवधि के दौरान भी ट्रांसफर के लिए आवेदन करने की अनुमति दे दी है। अब ये सभी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर मंगलवार को बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 में संशोधन की अधिसूचना जारी की गई। इसके बाद TRE-3 शिक्षक भी अन्य शिक्षकों की तरह स्थानांतरण के लिए पात्र हो गए हैं।
पहले क्या था नियम?
21 जुलाई को जारी स्थानांतरण नियमावली के अनुसार प्रोबेशन अवधि में कार्यरत शिक्षक ट्रांसफर के लिए आवेदन नहीं कर सकते थे। साथ ही जिन शिक्षकों का पहले स्थानांतरण हो चुका था, उन्हें सामान्य ट्रांसफर का लाभ भी नहीं मिलना था। हालांकि, पोर्टल खुलने से ठीक पहले सरकार ने नियमों में बदलाव कर TRE-3 शिक्षकों को राहत दे दी।
क्यों लिया गया यह फैसला?
दरअसल यह फैसला शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से मिले सुझावों और व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह लिया है। सरकार का उद्देश्य स्थानांतरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना, न्यायसंगत और शिक्षक हितैषी बनाना है, ताकि किसी भी शिक्षक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Tags - Bihar Teacher Transfer PortalGovernment Teacher Transfer