logo

नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा, आज ही चुना जाएगा बिहार का नया मुख्यमंत्री

cm_nitish4.jpg

पटनाः
बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। पिछले दो दशकों से राज्य की कमान संभाल रहे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। इसी के साथ NDA की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाएगी। शाम तक नए चेहरे की घोषणा होने की संभावना है, जबकि बुधवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा।मंगलवार को राजनीतिक घटनाक्रम दो हिस्सों में बंटा रहेगा- पहले चरण में नीतीश कुमार की विदाई और दूसरे में नए मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के चयन को लेकर हलचल। शिवराज सिंह चौहान को भाजपा ने पर्यवेक्षक बनाया है, जो विधायकों के साथ बैठक कर नेता का चयन कराएंगे। इस प्रक्रिया में नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे। चुने गए नाम को एनडीए विधायक दल की बैठक में अंतिम मंजूरी दी जाएगी।


लोकभवन में शपथ ग्रहण की तैयारी
बुधवार सुबह 11 बजे लोकभवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों की संख्या को लेकर तस्वीर आज ही साफ होगी। समारोह को लेकर पटना जिला प्रशासन और लोकभवन सचिवालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रोटोकॉल की समीक्षा की है, जहां लगभग एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।


इस्तीफे से पहले आंबेडकर को श्रद्धांजलि
इस्तीफा देने से पहले नीतीश कुमार डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इस बीच एनडीए ने सभी विधायकों को पटना में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री आवास पर सोमवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं, जहां संजय कुमार झा, ललन सिंह, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई नेता पहुंचे।

Tags - Bihar Nitish Kumar Politics NDA BJP Patna Chief Minister Breaking News