द फॉलोअप डेस्क:
बिहार (Bihar) में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव (MLC Election) के तहत मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) समेत तिरहुत (Tirhut) प्रमंडल के चार जिलों में शुक्रवार को मतदान कराया जा रहा है। मुजफ्फरपुर में सुबह 11 बजे तक करीब 9 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसी बीच समाहरणालय परिसर में हंगामे की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस दौरान मजिस्ट्रेट (Magistrate) के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इस चुनाव में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराया जा रहा है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 28 उम्मीदवार मैदान में हैं।

चार जिलों में बनाए गए 146 मतदान केंद्र
एमएलसी चुनाव के लिए मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली में मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मुजफ्फरपुर में 69, सीतामढ़ी में 38, शिवहर में 7 और वैशाली में 32 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में करीब 1.45 लाख मतदाता हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 8,769 मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। मतदान कर्मियों को गुरुवार को आवश्यक चुनाव सामग्री और बैलेट बॉक्स के साथ निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया गया था। मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट समेत निर्धारित वैध पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

बैलेट पेपर पर वरीयता दर्ज करने के नियम
स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदाताओं को बैलेट पेपर पर अपनी पसंद के उम्मीदवारों के सामने वरीयता क्रम में अंक लिखना होता है। पहली पसंद के उम्मीदवार के सामने अंक 1 लिखना अनिवार्य है। इसके बाद अन्य उम्मीदवारों को पसंद के अनुसार 2, 3 और आगे के अंक दिए जा सकते हैं। मतदान के दौरान पीठासीन अधिकारी की ओर से उपलब्ध कराया गया बैंगनी रंग का विशेष स्केच पेन ही इस्तेमाल करना होगा। वहीं, चुनाव से जुड़ी जानकारी और शिकायतों के लिए प्रमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है। मतदाता 0621-2213962 पर संपर्क कर सकते हैं या [email protected] पर ई-मेल भेज सकते हैं।