द फॉलोअप डेस्क:
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया है। आयोग ने इसकी आधिकारिक सूचना जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा की नई तारीख की जानकारी अलग से दी जाएगी। अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखने और भ्रामक सूचनाओं से बचने की सलाह दी गई है। ऐसे में अब अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तिथि के ऐलान का इंतजार करना होगा।
.jpeg)
मुख्य परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप
दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से शिकायतें की गई थीं और पटना में परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन भी हुए थे। 23 सितंबर 2025 को 1,799 दारोगा पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा में 35,857 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए थे। इसके बाद 27 मई को दो पालियों में मुख्य परीक्षा आयोजित हुई और 19 जून को इसका रिजल्ट जारी किया गया। परीक्षा में कुल रिक्तियों के छह गुना से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। मुख्य परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों की जांच आर्थिक अपराध इकाई यानी ईओयू कर रही है। जांच के दौरान गया और पूर्णिया में परीक्षा के दिन बिजली आपूर्ति से जुड़ी रिपोर्ट भी ली गई। पावर कॉरपोरेशन की रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षा के समय दोनों शहरों में बिजली आपूर्ति सामान्य थी, जबकि ईओयू को परीक्षा केंद्रों पर 20 से अधिक बार पावर कट की जानकारी मिली।

परीक्षा केंद्र में मोबाइल-कैमरा पहुंचने पर सवाल
जांच में यह आशंका भी सामने आई कि कुछ परीक्षा केंद्रों पर बिजली जाने के दौरान जैमर बंद हुए और इसी दौरान प्रश्न-पत्र की तस्वीरें बाहर भेजकर उनके उत्तर मंगवाए गए। ईओयू ने बिजली आपूर्ति के रिकॉर्ड के साथ सीसीटीवी फुटेज और जैमर लॉग की जानकारी जुटानी शुरू की है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच और मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था होने के बावजूद सामने आई प्रश्न-पत्र की तस्वीर में तस्वीर लेने वाले व्यक्ति की उंगली में अंगूठी तक दिखाई दे रही थी। इससे यह सवाल उठा कि मोबाइल या कैमरा वाला उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर कैसे पहुंचा। ईओयू इस बिंदु पर भी जांच कर रही है और आशंका है कि गेट पर अभ्यर्थियों की तलाशी लेने वाले कर्मचारी या परीक्षा से पहले केंद्र में उपकरण पहुंचाने वाले लोग भी जांच के दायरे में आ सकते हैं। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य रिकॉर्ड के आधार पर जांच जारी है।