द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बेगूसराय जिले में शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। यह कार्रवाई दरभंगा में एक दिन पहले हुई ज्वेलरी लूट की घटना के बाद की गई। दरभंगा में प्रेम ज्वेलर्स से 2 करोड़ रुपये से अधिक के कैश और गहनों की लूट हुई थी। इसके बाद पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। सूचना मिली कि इस लूटकांड से जुड़े कुछ बदमाश बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायण चौक के पास छिपे हुए हैं। बिहार एसटीएफ की टीम जैसे ही वहां पहुंची और छापेमारी शुरू की, बदमाशों ने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। यह मुठभेड़ सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई और कई घंटों तक चली। इस दौरान एक बदमाश को गोली लगी। पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
इन सभी से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे गैंग के बारे में जानकारी मिल सके। जानकारी के मुताबिक, लूट के बाद बदमाश अलग-अलग जगहों पर छिप गए थे। कुछ घरों और खेतों में छिपे थे, जहां से उन्होंने पुलिस पर हमला किया। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस को शक है कि इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्य आसपास के इलाकों में छिपे हो सकते हैं। दशरथपुर इलाके में भी बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिल रही है। फिलहाल पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गैंग का खुलासा किया जाएगा और सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।