logo

बेगूसराय में महिला डांसर को दारोगा ने जड़ा थप्पड़, विरोध करने पर पिस्टल निकालने का आरोप

बेगूसराय में महिला डांसर को दारोगा ने जड़ा थप्पड़, विरोध करने पर पिस्टल निकालने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क:

Begusarai: बिहार (Bihar) के बेगूसराय (Begusarai) में दुर्गा पूजा (Durga Puja) के दौरान आयोजित एक जागरण (Jagran) कार्यक्रम में पुलिसकर्मी और स्थानीय लोगों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र (Muffassil Police Station) के पानगाछी चौक स्थित मां वैष्णवी सार्वजनिक दुर्गा स्थान की है, जहां मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब तीन बजे मंच पर महिला डांसर फिल्मी गानों पर नृत्य कर रही थीं। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक दारोगा मंच पर पहुंचे और कथित तौर पर महिला डांसर को थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

विरोध के बाद पिस्टल तानने का आरोप

महिला डांसर को थप्पड़ मारने के बाद स्थानीय लोगों ने दारोगा को घेर लिया और कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते पुलिसकर्मियों और लोगों के बीच कहासुनी के साथ धक्कामुक्की होने की बात सामने आई। आरोप है कि इसी दौरान दारोगा ने अपनी पिस्टल निकालकर भीड़ की ओर तान दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर पुलिसकर्मी के व्यवहार और विवाद के दृश्य दिखाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। महिला डांसर का कहना है कि उन्होंने पुलिस के कहने पर नृत्य बंद कर दिया था, इसके बावजूद उन्हें थप्पड़ मारा गया। उन्होंने संबंधित दारोगा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

पुलिस ने बताई अव्यवस्था की वजह 

पुलिस के अनुसार, जागरण कार्यक्रम में कथित अश्लील नृत्य के कारण अव्यवस्था उत्पन्न हो रही थी। स्थिति को नियंत्रित करने और कार्यक्रम बंद कराने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। वहीं, महिला डांसर का कहना है कि नृत्य बंद करने के बावजूद उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया। घटना को लेकर पुलिसकर्मी की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद किन परिस्थितियों में बढ़ा और संबंधित दारोगा के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Begusarai News Begusarai Police News Police Officer Slapped Dancer