BPSC Teacher Train Accident:
औरंगाबाद जिले के मनहार की रहने वाली एक BPSC शिक्षिका का शव आज सुबह झारखंड के कोडरमा जिले में रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ है। शव धनबाद-गया रेलखंड के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत टीनवाटांड के पास मिला। धनबाद-गया रेलखंड की अप और डाउन लाइन का निरीक्षण कर रहे ट्रैकमैन को मिला शव। मृतका की पहचान उसके बैग से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

बैग में रखे आधार कार्ड से हुई पहचान
मृतका की पहचान 22 वर्षीय BPSC टीचर नेहा कुमारी के रुप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कोडरमा रेलवे स्टेशन के ट्रैकमैन सुबह धनबाद-गया रेलखंड की अप और डाउन लाइन का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अप लाइन पर पोल संख्या 394/27 के पास महिला टीचर का शव पड़ा मिला। इसके बाद ट्रैकमैन ने इसकी सूचना तत्काल कोडरमा आरपीएफ को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान उसके बैग से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर की गई और परिजनों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस को बैग में आधार कार्ड के अलावा औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित एक विद्यालय के बच्चों की मार्कशीट, नेहा के कॉलेज के प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज मिले हैं।

शुक्रवार शाम से थी लापता
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि संभवत: ट्रेन से गिरने के कारण नेहा की मौत हुई होगी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जब पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी तो परिजन का कहना था कि नेहा शुक्रवार शाम से ही लापता थी। उसकी बहन लवली ने बताया कि वह और नेहा दाउदनगर स्थित डिवाइन स्ट्रीम मिशन स्कूल में साथ पढ़ाती थीं। शुक्रवार को स्कूल से पढ़ाने के बाद नेहा बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए निकली थी। आमतौर पर वह शाम 5 बजे तक घर लौट आती थी, लेकिन उस दिन देर शाम तक वापस नहीं आई।
परिजनों ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मैसेज करने पर भी प्रतिक्रिया नहीं आई। परिजन के मुताबिक, रात करीब 8 बजे दोबारा कॉल करने पर मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। इसके बाद परिवार ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा है।