पटना
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने एलपीजी की ब्लैकमार्केटिंग और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पटना के जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति और वितरण की निगरानी के लिए 28 धावा दलों का गठन किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि एलपीजी की ब्लैकमार्केटिंग या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति और वितरण सुनिश्चित करने तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर एक हेल्पलाइन भी स्थापित की गई है। कोई भी उपभोक्ता या आम नागरिक सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक दूरभाष संख्या 0612-2219810 पर कॉल कर गैस से संबंधित शिकायत, सूचना या अन्य जानकारी दे सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी शिकायतों के निवारण और गैस की जमाखोरी रोकने के लिए प्रखंड स्तर पर कुल 28 धावा दल बनाए गए हैं। इन टीमों में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि मौके पर जांच और कार्रवाई की जा सके। साथ ही एलपीजी एजेंसियों के कार्यक्षेत्र को सेक्टर, जोनल और सुपर जोनल स्तर पर विभाजित कर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
