logo

मुजफ्फरपुर जिले में चलती ऑटो में लगी आग, एक महिला की मौत व 5 अन्य की हालत गंभीर

ACCIDENTYELLOW.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में गुरूवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल मुजफ्फरपुर-दरभंगा NH-27 पर स्थित बेरूआ गांव के पास एक चलती ऑटो में आग लग गई, जिससे वाहन में सवार 6 झुलस गए। इस घटना में एक 35 वर्षीय महिला, कमरूल खातून की ऑटो की सीट पर बैठे-बैठे ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, ऑटो में सवार एक अन्य व्यक्ति की हालत भी गंभीर बताई जा रही है जिसे (SKMCH), मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है।

मिली सूचना के अनुसार, ऑटो चालक मो. साजिद मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र के डुमरियाही गांव का निवासी है, जो अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए मुजफ्फरपुर से अपने गांव लौट रहा था। ऑटो में उसकी पत्नी, दो बच्चे और दो अन्य रिश्तेदार भी सवार थे। जैसे ही वे सुबह-सुबह NH-27 पर बेरूआ गांव के पास पहुंचे, तभी अचानक से चलती ऑटो में आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग पहले धीरे-धीरे फैली, लेकिन यात्रियों को इसका आभास नहीं हुआ। जब तक कुछ सोच पाते आग पीछे से ऑटो को पूरी तरह चपेट में ले चुकी थी, लोग बाहर निकलने का प्रयास कर ही रहे थे किन्तु तब तक सब झुलस चुके थे।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने और लोगों को बचाने की बहुत कोशिश की। इधर पुलिस को भी सूचना दी गई और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिससे आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने ऑटो से एक जला हुआ शव का कंकाल बरामद किया, जो कि कमरूल खातून की बताई जा रही है। अन्य सभी घायलों को SKMCH, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं एक की स्थति नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह आशंका जताई जा रही है कि शायद वाहन में शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री की मौजूदगी के कारण आग लगी हो । हालांकि, अभी तक आग लगने का स्पष्ट कारण मालूम नहीं हो पाया है।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi Bihar।atest News Update road accident road accident news trending news