द फॉलोअप डेस्क
पटना से सटे मनेर से मंगलवार की रात हुए एसिड अटैक का मामला सामने आया है। घटना हुद्दापर-मीरा चक मोहल्ला का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, विवाद पिंटू कुमार सोनी और उनके पड़ोसी गुड्डू कुमार सोनी के बीच के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुई थी। बताया जा रहा है कि गुड्डू ने सोने के जेवर बनाने के लिए पिंटू को काम दिया था, जिसका कुछ पैसा बकाया था। इसी रकम की मांग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। पैसों का यह विवाद पहले मारपीट में तब्दील हुआ और बाद में देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुड्डू सोनी ने कथित तौर पर अपनी दुकान में रखा एसिड उठाकर पिंटू सोनी पर फेंक दिया। इस दौरान वहां खड़ी पिंटू की पत्नी रजनी देवी भी झुलसकर घायल हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि डॉक्टरों ने फिलहाल दोनों को खतरे से बाहर बताया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।