द फॉलोअप डेस्क
पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा थाना क्षेत्र में पुलिस को गांजा तस्करी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। सूत्रों के मुताबिक, एक कंटेनर से 80 लाख रू. का 400 किलो गांजा बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि पुलिसकर्मी के बेटा सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मोकामा थाना प्रभारी कुणाल कुमार गुप्ता को इसकी सूचना मिली थी। एक ट्रक कंटेनर के जरिए दूसरे राज्य से बख्तियारपुर की ओर भारी मात्रा में गांजे की खेप लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन मोड़ के पास धर दबोचा।

जांच के दौरान ट्रक के भीतर छुपाकर रखा गया लगभग 400 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया है और तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को थाने ले आई है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। अपराधियों ने बताया कि वे दूसरे राज्यों से गांजा लाकर बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इस धंधे के मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।